बिहार के गोपालगंज जिले के ब्रह्माइन गांव निवासी आशिक अली और शौकत अली ने प्लास्टिक के ड्रम और देसी जुगाड़ से मोटर चालित नाव तैयार की है। दोनों दोस्त इस नाव से गंडक और सरयू नदी के रास्ते करीब एक हजार किलोमीटर की यात्रा कर बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने के इरादे से निकले हैं। उन्होंने 15 दिन पहले बैकुंठपुर के रुपई गांव से गंडक नदी के रास्ते यात्रा शुरू की थी। रविवार की सुबह उनकी नाव सलेमपुर के नवलपुर घाट पहुंची, जहां इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग जुट गए।

दोनों युवकों की दोस्ती सूरत की एक निजी कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। करीब एक महीने पहले गांव लौटने के बाद उन्होंने नाव बनाने का काम शुरू किया। नवलपुर घाट पर पीपा पुल के नीचे से नाव निकालना उनके लिए चुनौती भरा रहा, लेकिन काफी मशक्कत के बाद वे पुल पार करने में सफल रहे। दोनों का कहना है कि ज्यादातर लोग बाइक और कार से यात्रा करते हैं, लेकिन वे कुछ अलग करना चाहते थे।

उनकी योजना लार के चनुकी और चूरिया के रास्ते सरयू नदी में पहुंचने की है, जिसके बाद वे नदी के रास्ते आगे बढ़ते हुए बंगाल की खाड़ी तक पहुंचेंगे। दोनों ने बताया कि वे रात में नाव नहीं चलाते। शाम होने पर नदी किनारे किसी सुरक्षित स्थान पर रुककर भोजन तैयार करते हैं और आराम के बाद सुबह फिर यात्रा शुरू कर देते हैं।

नाव पेट्रोल से चलने वाले इंजन से संचालित होती है और एक लीटर पेट्रोल में करीब डेढ़ घंटे तक पानी में चलती है। इसे तैयार करने में दोनों ने करीब ढाई महीने का समय और एक लाख रुपये खर्च किए हैं। नाव में बैठने और सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह है। यात्रा का पूरा खर्च दोनों स्वयं उठा रहे हैं और गैलन में पेट्रोल लेकर चलते हैं। रात में नदी किनारे ठहरने के दौरान पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर नाव पर रख लेते हैं और जरूरत के अनुसार इंजन में डालते हैं।