नैनीताल में पिछले दो दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। रविवार को सुबह से ही धूप खिली रही और सैलानियों ने शहर के रमणीक पर्यटन स्थलों की सैर का आनंद लिया। दोपहर में यह आशंका थी कि कोहरा छा सकता है, लेकिन मौसम में कोई बदलाव नहीं आया और शाम तक तेज धूप बनी रही।
दोपहर के समय धूप तेज होने से गर्मी असहनीय महसूस हुई और लोग छाया में शरण लेते नजर आए। हालांकि सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट आई और ठंड काफी महसूस हुई। ठंड से बचने के लिए लोगों को आग और हीटर का सहारा लेना पड़ा।
जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 80 और न्यूनतम 50 प्रतिशत रही।
बता दें कि खुशनुमा मौसम का फायदा पर्यटकों को मिल रहा है, जो शहर के प्रमुख स्थलों पर घूमते हुए धूप का आनंद ले रहे हैं।
