पटना में बीजेपी कार्यालय पर पथराव और तोड़फोड़ की खबर सामने आई है। वीडियो में कार्यालय पर सुनियोजित तरीके से पत्थर फेंके जाते दिख रहे हैं। कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ भी की गई। पटना पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है। बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यालय से सटे मिलर स्कूल ग्राउंड में इन्फ्लुएंसर आर्यन केल्विन का कार्यक्रम चल रहा था, जिसके बाद हंगामा शुरू हुआ। देखते ही देखते भीड़ बीजेपी कार्यालय तक पहुंच गई और उत्पात मचाया।

इस घटना में उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पत्थरबाजी की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मिलर स्कूल ग्राउंड में आर्यन केल्विन के कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पहुंचे हुए थे। काफी देर बाद इन्फ्लुएंसर पहुंचे और कुछ ही देर में वहां से रवाना हो गए।

इसके बाद मिलर स्कूल ग्राउंड में पहुंचे युवकों ने हंगामा किया। एक भीड़ ग्राउंड से निकली और आसपास तोड़फोड़ करते हुए बीजेपी कार्यालय तक पहुंची। वहां जो भी सामान मिला, उसे तोड़-फोड़ दिया गया। गाड़ियों, ठेले और दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया और पत्थरबाजी की गई। इस घटना में मिलर स्कूल में तैनात कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

उपद्रवियों ने बीजेपी कार्यालय में जमकर पत्थर फेंके और आसपास खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद पहुंची स्थानीय पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उपद्रवियों को इधर-उधर भगाया। पुलिस के मुताबिक, हंगामा करने वालों और पत्थर फेंकने वालों की पहचान की जा रही है और बहुत जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पूरे मामले की जांच जारी है।