प्रयागराज में शहर को जलभराव और गंदगी से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों के सुंदरीकरण का काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को महापौर गणेश केसरवानी ने बाई का बाग चौराहे से क्रास्थवेट गर्ल्स कालेज होते हुए निरंकारी भवन और बैरहना बंगाली टोला तक नालों की सफाई और संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब नवल राय में चल रहे सुंदरीकरण कार्यों की भी समीक्षा की।

महापौर ने नालों की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई में किसी तरह की लापरवाही न हो। जल निकासी में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या न झेलनी पड़े।

तालाब नवल राय के सुंदरीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर ने कहा कि यह तालाब शहर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ स्वच्छ एवं सुंदर स्वरूप देना जरूरी है। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पार्षद मुकेश लारा, किरन जायसवाल, आकाश सोनकर, गिरिजेश मिश्रा, राजू पाठक, विवेक मिश्रा, बालकिशन सोनकर, शेरु सोनकर, दीपू प्रजापति, अवर अभियंता राम सक्सेना, सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।