रांची-बोकारो मुख्य मार्ग पर पेटरवार के पास एनएच-23 पर शनिवार देर रात तीन वाहनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में धनबाद के उपविकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, डीडीसी सन्नी राज धनबाद से अपनी महिंद्रा एसयूवी से रांची स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवार डीडीसी के पैर में चोट लगी। हादसे के दौरान एक अन्य ट्रैक्टर के भी चपेट में आने से तीन वाहनों की टक्कर हो गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी।