पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राधा कृष्ण ने कहा है कि किसी महिला को डायन कहना कानूनन संज्ञेय अपराध है और ऐसा करने पर डायन-भूत प्रतिषेध अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषी व्यक्ति को जेल और जुर्माना दोनों की सजा हो सकती है। उन्होंने यह बात रविवार को मेदिनीनगर सदर प्रखंड परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के तत्वावधान में आयोजित विधिक जागरूकता सह एंपावरमेंट कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

पीडीजे ने कहा कि समाज में अंधविश्वास और कुरीतियों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी हर नागरिक के लिए आवश्यक है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, अशिक्षित और कमजोर वर्ग के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।

डीएलएसए के सचिव एसके गौतम ने प्राधिकार के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीएलएसए गरीब, असहाय, जरूरतमंद और पात्र लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए हमेशा तत्पर है। जो व्यक्ति किसी कारणवश न्यायालय या डीएलएसए कार्यालय नहीं पहुंच सकता, वह सादे कागज पर अपना आवेदन लिखकर कार्यालय भेज सकता है, जिस पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सचिव ने 12 दिसंबर को व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी और इसका लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन सदर बीडीओ जागो महतो ने किया। मौके पर रेलवे मजिस्ट्रेट, अंचल अधिकारी अमरजीत बलहोत्रा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टाल लगाए गए थे। पीडीजे ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लेते हुए आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। शिविर के दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक प्रदान किए, किसानों के बीच सरसों बीज का वितरण किया और वृद्धजनों को स्वीकृत वृद्धावस्था पेंशन का स्वीकृति पत्र सौंपा।