समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस जैसी वर्दी पहने चार-पांच लोग स्कार्पियो से पहुंचे और आठ बकरियां तथा एक मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी और रात की गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर और फुलवरिया गांव में शनिवार रात करीब एक बजे उजली स्कार्पियो से चार-पांच लोग पहुंचे। सभी पुलिस जैसी वर्दी पहने हुए थे और उनके हाथों में टार्च थी। ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने पहले जीवछ सिंह के दरवाजे को निशाना बनाया। जीवछ जाग रहे थे, तभी दो लोगों ने उनकी आंखों पर टार्च की तेज रोशनी डाल दी और अन्य साथी घर से दो बकरियां लेकर फरार हो गए।
इसके बाद चोर मोहम्मद भोला के दरवाजे पर पहुंचे, जहां से दो बकरियां और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार कपिल राय, जीवछ सिंह, मोहम्मद भोला और मोहम्मद इल्ताफ के घर से दो-दो बकरियां गायब हुई हैं, यानी कुल आठ बकरियां चोरी हुईं।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन की और पीड़ितों को थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी। रविवार को पीड़ितों ने थाने में आवेदन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम देने से चोरों की पहचान करना मुश्किल हो गया। उन्होंने स्कार्पियो सवार चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी, रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। अब पुलिस के सामने वर्दी की आड़ में चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाने की चुनौती है।
