बिहार एसटीएफ ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में एक साथ 14 ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई बिहार एसटीएफ, साइबर थाना पटना और संबंधित स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की। साइबर थाना पटना में दर्ज कांड संख्या 1529/26 के तहत बुधवार को यह छापेमारी हुई। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित 38 लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई अभी जारी बताई जा रही है।

तलाशी के दौरान 100 से अधिक मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, 22 लाख रुपये नकद, 200 से अधिक एटीएम कार्ड और करीब 500 ग्राम सोना बरामद किया गया है। इसके अलावा सैकड़ों बैंक खातों से जुड़े विवरण और दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय स्तर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित करता था।

पटना में राजा बाजार, बोरिंग रोड समेत अन्य जगहों पर छापेमारी चल रही है। बोरिंग रोड स्थित मेरिडियन एनक्लेव अपार्टमेंट में एसटीएफ और पटना पुलिस ने धावा बोला। यहां साइबर कैफे चलाने वाले मोनू और कुणाल के घर पर रेड की गई। अपार्टमेंट के नीचे हथियारों से लैस एसटीएफ के जवानों की तैनाती की गई है।

एसटीएफ के अनुसार, यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते नेटवर्क को देखते हुए की गई है। बरामद सामान और दस्तावेजों से गिरोह के कामकाज की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।