बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को मुंबई की सड़कों की सफाई को लेकर बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) को फटकार लगाई। जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने कहा कि शहर में खास मेहमानों के आने पर ही सड़कें साफ-सुथरी की जाती हैं, जबकि मुंबईकरों को यह सुविधा हमेशा मिलनी चाहिए। बेंच ने कहा कि दो दिन की सफाई का दिखावा करने के बजाय BMC कोई स्थायी व्यवस्था कर सकती है। कोर्ट ने यह भी कहा कि सफाई हर जगह और हर समय होनी चाहिए, न कि केवल उन जगहों पर जहां खास लोग जाते हैं।
यह सुनवाई बढ़ते वायु प्रदूषण और कांजुरमार्ग डंपिंग ग्राउंड के पास जहरीली गैसों के रिसाव को लेकर हो रही थी। मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी। बता दें कि ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन 16 नवंबर को मुंबई पहुंचे थे और 17 नवंबर को अर्थशॉट प्राइज सेरेमनी में शामिल हुए थे। इस दौरे से पहले शहर की सड़कों की सफाई कराई गई थी।
कोर्ट ने सड़कों और समुद्र किनारे प्लास्टिक कचरा मिलने पर भी चिंता जताई। जजों ने पूछा कि प्लास्टिक पर पूरी तरह बैन क्यों नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने सरकार से प्लास्टिक को लेकर पॉलिसी की जानकारी मांगी और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने को कहा।
मंगलवार को जजों ने कांजुरमार्ग डंपिंग ग्राउंड का दौरा किया था, जहां प्लास्टिक से भरे कचरे के ढेर देखकर उन्होंने चिंता जताई। कोर्ट ने मॉनिटरिंग कमेटी से वहां की बदबू और प्रदूषण की जांच कर 7 दिसंबर तक रिपोर्ट देने को कहा है।
