बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने एकीकृत 71वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार, सफल उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन 1 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। विस्तृत कार्यक्रम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे वेबसाइट पर जाकर अपनी निर्धारित तिथि और अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर लें।

आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन दस्तावेज डाउनलोड की सुविधा भी दी है। इसके लिए उम्मीदवारों को अपने यूजरनेम और पासवर्ड से आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन करना होगा और एकीकृत 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के डैशबोर्ड पर जाकर 'Download uploaded document' विकल्प पर क्लिक करना होगा। आयोग की सूचना के मुताबिक, अभ्यर्थी 28 नवंबर 2026 से 28 दिसंबर 2026 तक अपने वॉटरमार्क प्रमाण-पत्र और अन्य अपलोड किए गए दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगे।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान केवल वॉटरमार्क अंकित प्रमाण-पत्र या दस्तावेज ही मान्य होंगे। इसलिए अभ्यर्थी समय रहते अपने जरूरी दस्तावेज डाउनलोड कर लें और उनकी सुरक्षित डिजिटल एवं प्रिंट कॉपी तैयार रखें। सत्यापन के लिए आयोग ने प्रपत्र-1 की व्यवस्था भी की है, जो 28 नवंबर 2026 से आयोग की वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थियों को इसे डाउनलोड करके आवश्यक जानकारी भरनी होगी और सत्यापन के समय संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।

आयोग के अनुसार, निर्धारित समय सीमा में उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन रद्द किया जा सकता है और अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन या अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। सफल अभ्यर्थी अपना दस्तावेज सत्यापन शेड्यूल और अन्य दिशा-निर्देश देखने के लिए BPSC के आधिकारिक पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं।