देहरादून में शादी को लेकर दहेज का विवाद इतना बढ़ गया कि बरात बिना दुल्हन के दिल्ली वापस लौट गई। महिला हेल्पलाइन में दी गई शिकायत के अनुसार 27 नवंबर को दिल्ली से बरात कोतवाली क्षेत्र में आई थी। गुरुद्वारे में विवाह संपन्न होने के बाद प्रीतिभोज का कार्यक्रम था। प्रीतिभोज से पहले दूल्हा-दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गए थे।
शिकायत में दुल्हन के भाई ने आरोप लगाया है कि इस दौरान दूल्हे के भाई और भाभी ने 20 लाख रुपये दहेज की मांग की और विदाई से पहले रकम देने को कहा। परिवार ने इतनी बड़ी रकम उपलब्ध न होने की बात कहकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार दूल्हा परिवार प्रीतिभोज में पहुंचा और जल्द से जल्द 20 लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा, साथ ही पैसे न मिलने पर बिना दुल्हन बरात वापस ले जाने की बात कही।
आरोप है कि दूल्हा और उनके परिवार ने प्रीतिभोज स्थल पर सभी बरातियों को भोजन करने से मना कर दिया, जिसके कारण किसी ने खाना नहीं खाया और सारा खाना खराब हो गया। पैसे नहीं दिए जाने पर दूल्हा परिवार बिना बरात वापस दिल्ली लौट गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस घटना के बाद दुल्हन सदमे में है और पूरा परिवार परेशान है।
मामले में दुल्हन परिवार की ओर से महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर दूल्हा, उनके भाई, भाभी, जीजा, उनकी पत्नी और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि महिला हेल्पलाइन ने दूल्हे से संपर्क कर काउंसलिंग के लिए बुलाया है और दोनों पक्षों को बैठाकर समझौते का प्रयास किया जा रहा है।
