पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में ठंड बढ़ गई है। बुधवार को यूपी और बिहार में घना कोहरा छाया रहा। यूपी के 15 शहरों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक पहुंच गई, जबकि बरेली 11.1°C न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। कोहरे के चलते एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट कम कर दी गई है।
बिहार में समस्तीपुर, बेगूसराय, बगहा और सुपौल में सुबह घना कोहरा रहा और विजिबिलिटी 100 मीटर तक रह गई। राज्य में न्यूनतम तापमान 2 से 4°C तक गिर गया है। अरवल 13.4°C के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।
राजस्थान में उत्तर भारत से आई बर्फीली हवा से सर्दी तेज हो गई है। सीकर के पास फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 7.4°C दर्ज किया गया, जबकि माउंट आबू में पारा करीब 10.7°C रहा। उत्तराखंड के गंगोत्री में तापमान माइनस 14°C और जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में माइनस 3.4°C दर्ज हुआ। उत्तराखंड के चमोली स्थित माणा गांव में बर्फबारी से बचाने के लिए प्रशासन ने पांडवों की मूर्तियों को तिरपाल से ढक दिया है, और प्रदेश के चार शहरों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई है।
मौसम विभाग (IMD) ने चक्रवाती तूफान अकवान के असर को देखते हुए मध्य प्रदेश में 20 और 21 नवंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
