गौतमबुद्ध नगर न्यायालय में शनिवार को वाहन मालिकों के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े लंबित चालानों का त्वरित निस्तारण करना था। जुर्माना राशि जमा करने के लिए वाहन मालिकों की भीड़ काउंटरों पर पहुंची। लोगों की सुविधा के लिए अलग-अलग अदालतों में चालान निस्तारण के विशेष काउंटर बनाए गए थे।

लोक अदालत का शुभारंभ जिला जज अतुल श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के निस्तारण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वाहन मालिकों को निर्धारित काउंटरों पर पहुंचकर चालान निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा दी गई।

अदालत में मुख्य रूप से यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े लंबित चालानों के निस्तारण पर जोर रहा। आयोजन का उद्देश्य लंबित मामलों को आपसी सहमति और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत त्वरित निस्तारित करना था, ताकि लोगों को न्यायालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की पूर्णकालिक सचिव शिवानी रावत, जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के सचिव शोभाराम चंदीला सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।