गुरुग्राम नगर निगम ने शहर में बढ़ते प्रदूषण, सड़कों पर उड़ती धूल और कचरा प्रबंधन की समस्याओं से निपटने के लिए 61.10 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। मंगलवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) की बैठक में 14 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद यह स्वीकृति दी गई।

इनमें सबसे अहम सड़कों की धुलाई के लिए 16 रोड वाशर और धूल नियंत्रण के लिए 10 एंटी स्मॉग गन की खरीद है। शहर में दस हजार लीटर क्षमता वाले 16 ट्रक माउंटेड रोड वाशर खरीदे जाएंगे। दो क्लस्टर में आठ-आठ मशीनों की खरीद पर कुल 8.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं 10 हजार लीटर क्षमता वाले वाटर स्प्रिंकलर सिस्टम से लैस 10 एंटी स्मॉग गन खरीदने के लिए 5.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। दोनों क्लस्टर में पांच-पांच मशीनें लगाई जाएंगी।

निर्माण एवं विध्वंस मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए बायोडायवर्सिटी पार्क में मोबाइल सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और वजीराबाद में एक अन्य संयंत्र स्थापित किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर 6.64-6.64 करोड़ रुपये यानी कुल 13.28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हीरो होंडा चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट विकसित करने के लिए 3.53 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जबकि जोन-5 में बेरी वाला बाग के पास कचरा संग्रहण वाहनों के लिए पार्किंग और चार्जिंग स्टेशन बनाने पर 3.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के संचालन और रखरखाव के छह प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई, जिन पर करीब 26.12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। निगमायुक्त डॉ पंकज ने अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं का निर्धारित समय में और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, पार्षद सुंदर सिंह और आशीष गुप्ता, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।