हल्द्वानी में काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास और कलसिया नाले पर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना से कुमाऊं के लोगों और पर्यटकों को जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी भीमताल, धारी, ओखलकांडा, भवाली, कैंचीधाम, देवीधुरा और अल्मोड़ा जाने वाले लोगों को गुलाबघाटी होकर गुजरना पड़ता है। ज्योलीकोट और नैनीताल आने-जाने वाले पर्यटक वाहन भी इसी रास्ते से निकलते हैं। बाईपास बनने के बाद भीमताल रोड से जुड़ी गाड़ियों को गुलाबघाटी की तरफ नहीं जाना पड़ेगा।

परियोजना पर 18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। काठगोदाम में कलसिया नाले के ऊपर स्थायी पुल भी तैयार होगा। पिछले पांच वर्ष से बैली ब्रिज से काम चलाया जा रहा है, जो अस्थायी व्यवस्था है। नए पुल के लिए अतिक्रमण चिह्नित कर लिया गया है और एनएच हल्द्वानी डिवीजन ने सात लोगों को नोटिस दिया है, क्योंकि उनके भवन का कुछ हिस्सा अतिक्रमण की जद में आ रहा है। पुल की लंबाई 24 मीटर और चौड़ाई सात मीटर होगी। पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी की तरफ बढ़ने में वाहन चालक इसका इस्तेमाल करेंगे। अतिक्रमण तोड़ने के बाद बैली ब्रिज को हटा लिया जाएगा। ईई महेंद्र कुमार के अनुसार पुल अप्रैल 2027 तक बन जाएगा।

काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास की कुल लंबाई साढ़े तीन किमी होगी। भीमताल रोड से जोड़ने के लिए 75 मीटर लंबा पुल तैयार होगा, जिसके माध्यम से लोग गौला नदी को पार कर दूसरे हिस्से में पहुंचेंगे। बाईपास के बाद दानीजाला और सिमलखेत गांव भी सड़क से जुड़ जाएंगे। सिमलखेत के लोग वर्तमान में झूला पुल और दानीजाला के ग्रामीण रोपवे ट्राली से गौला नदी को पार करते हैं। ईई कृष्ण कुमार के अनुसार प्रोजेक्ट जून 2027 तक पूरा होगा।