हरदोई के हरपालपुर क्षेत्र के गांव करणपुर मतनी में शनिवार शाम मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस विवाद के बाद एक व्यक्ति ने फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें जयपाल नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रतिराम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी छत्रपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अखिलेश सिंह के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घायल रतिराम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतक जयपाल के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।