हरियाणा की अनाज मंडियों में इन दिनों बारीकी धान की आवक हो रही है और 1121, मुच्छल, 1718 व बासमती की कीमतें पिछले साल के मुकाबले काफी ऊंची चल रही हैं। पिछले साल बारीकी धान 4000 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था, जबकि इस बार 5000 से 6000 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहे हैं। मुच्छल और 1718 किस्म के भाव 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल बताए जा रहे हैं। भाव के साथ-साथ इस बार उत्पादन भी अच्छा होने से किसानों को प्रति एकड़ एक लाख से लेकर एक लाख 20 हजार रुपये तक की आमदनी हो रही है।
कैथल की नई अनाज मंडी के साथ-साथ अतिरिक्त अनाज मंडी, गुहला-चीका, कलायत, ढांड, सीवन, पूंडरी और राजौंद अनाज मंडी में धान की आवक हो रही है। दूसरे जिलों से भी खरीदार मंडियों में पहुंच रहे हैं। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने बताया कि मंडियों में बारीकी धान की आवक हो रही है और उठान भी ठीक चल रहा है। किसानों, आढ़तियों और मजदूरों के लिए पेयजल, शौचालय व बिजली की सुविधा दी जा रही है।
मंडियों में फूस के ढेर लगे होने से किसान, मजदूर और आढ़ती परेशान हैं। आढ़तियों के अनुसार धान सीजन में फूस का उठान देरी से किया जा रहा है, जिससे मंडी के साथ-साथ आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है। हवा चलने पर फूस उड़ने से लोगों की आंखें प्रभावित हो रही हैं। आढ़ती, किसान और मजदूर जल्द से जल्द फूस का उठान कराने की मांग कर रहे हैं। मार्केट कमेटी सचिव के मुताबिक फूस के उठान को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं।
