पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम लागू होने के 33 साल बाद भी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आवश्यक नियम अधिसूचित न किए जाने के मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यह जानकारी सोशल मीडिया पर पीपुल्स वेलफेयर सोसायटी चंडीगढ़ की ओर से साझा की गई है।

सोसायटी के अनुसार, देश में मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए वर्ष 1993 में मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम लागू किया गया था। पंजाब में वर्ष 2013 में मानवाधिकार आयोग का गठन किया गया, जबकि हरियाणा और चंडीगढ़ में वर्ष 2015 में इस दिशा में व्यवस्था की गई। इसके बावजूद तीनों जगहों पर नियम अधिसूचित नहीं किए गए।

याचिका में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में नियमों को अधिसूचित करने की मांग की गई है। याची का कहना है कि नियमों के अभाव में आयोग सही प्रकार से काम नहीं कर पा रहे हैं और न्याय की आस में बैठे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए तीनों को नियम बनाने का निर्देश जारी किया जाए।

याची पक्ष की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने याचिका पर हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।