जबलपुर में नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4,000 नशीले इंजेक्शन, तस्करी में इस्तेमाल एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से इंजेक्शन लाकर शहर में फुटकर बिक्री करते थे।

एएसपी (क्राइम ब्रांच) जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिले की क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जयंत राय और अमित पैगवार को गिरफ्तार किया है। दोनों बेलबाग थाना क्षेत्र के तुलसी मोहल्ला के रहने वाले बताए गए हैं। उनके पास से 4,000 नशीले इंजेक्शन और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद कार जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की और गाड़ी की चेकिंग के दौरान इंजेक्शन बरामद हुए। दोनों भारत पेट्रोल पंप के पीछे कार में बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह खेप प्रयागराज से लाए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। जयंत राय के खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज हैं, जिनमें से सात एनडीपीएस एक्ट के तहत हैं, और उसके खिलाफ एनएसए के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। अमित पैगवार के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक एनडीपीएस एक्ट के तहत है।