जमशेदपुर के बिष्टुपुर में साउथ पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह करीब सात बजे स्कूली बच्चों से भरे एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि किसी बच्चे को खरोंच तक नहीं आई, लेकिन ऑटो और उसमें रखे बच्चों के स्कूल बैग जलकर राख हो गए।

चालक रोज की तरह बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। गोलचक्कर के पास पहुंचते ही ऑटो के इंजन वाले हिस्से से घना धुआं उठने लगा, जो कुछ ही सेकंड में ऊंची लपटों में बदल गया। धुआं भरते ही बच्चे घबराकर रोने-चिल्लाने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अफरातफरी के बीच सभी बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। जान बचने के बाद भी डरे-सहमे बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर अपने जलते बस्ते और किताबें देखते रहे। देखते ही देखते ऑटो आग का गोला बन गया।

सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे से गोलचक्कर के पास कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया और भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर टाटा अग्निशमन विभाग की दमकल मौके पर पहुंची और कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा ऑटो जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो सीएनजी से संचालित था। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन जानकारों का कहना है कि सीएनजी वाहनों में गैस पाइपलाइन, वाल्व या रेगुलेटर से रिसाव और पुरानी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट आग की बड़ी वजहें होती हैं।

सुरक्षा मानकों के तहत स्कूली वाहनों में एक से दो किलोग्राम क्षमता का एबीसी ड्राई केमिकल पाउडर अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट-एड किट अनिवार्य है, लेकिन शहर के अधिकतर स्कूली ऑटो में न अग्निशमन यंत्र हैं और न चालकों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण। यह एक सप्ताह के भीतर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर दूसरी बड़ी चेतावनी है। इससे पहले 11 नवंबर को टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से गुरु गोबिंद सिंह हाई स्कूल के बच्चों को ले जा रहा एक निजी ऑटो तीन बार पलट गया था, जिसमें 12 विद्यार्थी घायल हुए थे। पिछले वर्ष 30 जनवरी को भी बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में टाटा मुख्य अस्पताल के समीप बेल्डीह चर्च स्कूल के बच्चों को ले जा रही 25 वर्ष से अधिक पुरानी एक वैन में अचानक आग लगी थी। पांच नवंबर को जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव और यातायात डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में राजेंद्र विद्यालय व सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल के बाहर औचक जांच में कई स्कूली वैन और ऑटो बिना वैध फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और परमिट के तथा क्षमता से अधिक बच्चे बैठाकर चलते पाए गए थे। तब परिवहन विभाग ने संचालकों को मानक पूरे करने के लिए 15 दिनों की मोहलत दी थी, जिसकी अवधि पूरी होने वाली है।