खगड़िया में तीन हत्याओं के आरोपी मिथलेश महतो को बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। 28 और 29 नवंबर की मध्यरात्रि चौथम थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ में मिथलेश घायल हो गया। पुलिस अभिरक्षा में उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मिथलेश चौथम थाना कांड संख्या 181/26 में वांछित था, जिसमें तीन लोगों की हत्या हुई थी और 10 वर्षीय परी कुमारी गंभीर रूप से घायल हुई थी। परी इस घटना की चश्मदीद गवाह है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मामले का ट्रायल शुरू होने से पहले मिथलेश परी की हत्या की साजिश रच रहा है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद उसके पास से हथियार, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। इस संबंध में चौथम थाने में नया मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मिथलेश का आपराधिक इतिहास लंबा है। वर्ष 2015 में उसने उत्तर दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी थी, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब नौ साल सजा काटने के बाद उच्च न्यायालय से राहत मिलने पर वह बाहर आया था। इसके बाद नवंबर 2024 में खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र में अजय कुमार साह की हत्या कर शव जमीन में गाड़ दिया था। इस मामले में भी उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

जेल से निकलने के बाद जून 2026 में चौथम थाना क्षेत्र में मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई। इस दौरान परी के गले पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया था, हालांकि इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी। पुलिस के अनुसार, मिथलेश के विरुद्ध बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।