कोंच नगर पालिका में शनिवार को पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने वार्ड नंबर 15 में दो सीसी सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इन दोनों परियोजनाओं पर करीब 11 लाख 71 हजार रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन और जल निकासी की समस्या का समाधान होगा।
पहला निर्माण कार्य विजय पटेल के आवास से छोटू राठौर के आवास तक कराया जाएगा। यहां 80 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी सीसी सड़क के साथ नाली बनेगी, जिस पर पांच लाख 71 हजार रुपये खर्च होंगे। दूसरा कार्य राजू कुशवाहा के आवास से महेंद्र पटेल के आवास तक होगा, जहां 65 मीटर लंबी और साढ़े चार मीटर चौड़ी सीसी सड़क व नाली छह लाख रुपये की लागत से बनाई जाएगी।
पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने की बात कही।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जेई अरुण कुमार, सुमित रिछारिया, छोटू राठौर और महावीर गुप्ता मौजूद रहे।
