दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर और टीआरएफ के स्वयंभू कमांडर लतीफ अहमद भट को मार गिराया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार मारा गया आतंकवादी कुलगाम के ख्रेवान का रहने वाला था। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक लतीफ कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर हमले में शामिल था और 15 लाख रुपये का इनामी था।

पुलिस से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने जंगालपोरा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। जवानों को अपनी ओर बढ़ते देख लतीफ ने घेराबंदी तोड़ने की कोशिश करते हुए गोलियां चलाईं, लेकिन जवानों की त्वरित कार्रवाई से उसकी कोशिश नाकाम रही। खुद को बचाने के लिए वह निकटवर्ती मस्जिद में घुस गया। मस्जिद की मर्यादा का ध्यान रखते हुए सुरक्षाबलों ने गोलीबारी रोक दी।

मस्जिद में आतंकी के छिपे होने की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद और स्थानीय मौलवी के जरिए उसे सरेंडर के लिए मनाने की कोशिश की। वीडियो कॉल पर संपर्क कर एक अधिकारी ने उसे हथियार डालने के लिए कहा, लेकिन भट ने इनकार कर दिया और कहा कि उसे अल्लाह से मिलना है और वह बहुत खुश है। कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने अत्यधिक संयम बरता और धार्मिक स्थल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

गौरतलब है कि लतीफ पिछले साल नवंबर में आतंकी बना था। 12वीं पास लतीफ ने कॉलेज में दाखिला लिया था, लेकिन कुछ समय बाद पढ़ाई छोड़ दी और पलंबर, इलैक्ट्रिशियन व बढ़ई का काम भी किया। इस साल जुलाई में उसने अनंतनाग के लालचौक में एक पुलिसकर्मी की हत्या के अलावा कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या की थी। उसका साथी उमर निसार दो दिन पहले लारू में हुई मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि लतीफ वहां से बच निकलने में कामयाब रहा था।