जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। कश्मीर पुलिस के अनुसार, जंगलपोरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लतीफ भट दो दिन पहले हुई एक मुठभेड़ में घायल हो गया था, लेकिन वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा था।

पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट ने निसार के साथ मिलकर 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने 16 नवंबर को इनमें से एक आतंकी उमर को मार गिराया था। सेना ने पहले लतीफ के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में बताया कि उसके पैर में गोली लगी है।

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर के कुलगाम हमले में शामिल उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। सोमवार को हुई मुठभेड़ में डार मारा गया, जबकि भट भाग निकला। मंगलवार को भी ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उसकी तलाश जारी रही।

इस बीच, CRPF कैंप पर हमला करने वाले दोनों आतंकियों का मंगलवार को एक CCTV फुटेज सामने आया है। 56 सेकेंड के इस वीडियो में आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार टैक्सी से उतरकर CRPF कैंप की ओर जाते दिख रहे हैं। दोनों की कैंप की ओर जाते एक फोटो भी सामने आई है।