महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा निवासी प्रधानाचार्य नित्यानंद मणि त्रिपाठी और उनके ड्राइवर उद्धव पांडेय की मंगलवार रात कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। दोनों देवरिया में आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम से लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार की रात करीब 10 बजे कप्तानगंज-परतावल मार्ग पर इंदरपुर दुर्गा मंदिर के पास हुआ। सामने से आ रही क्रेन ने कार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। नित्यानंद मणि त्रिपाठी जोखन मणि त्रिपाठी इंटर कालेज, लक्ष्मीपुर देउरवा में प्रधानाचार्य थे। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई की ससुराल देवरिया में आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ड्राइवर के साथ कार से गए थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कार से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष कप्तानगंज धीरेंद्र राय ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में ले लिया गया है और दुर्घटना में शामिल क्रेन को थाने लाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे की खबर मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। प्रधानाचार्य की मौत से विद्यालय परिवार और लक्ष्मीपुर देउरवा गांव में गहरा शोक है। गांव के लोग प्रधानाचार्य के घर पहुंचकर स्वजन को सांत्वना देते रहे।