लखनऊ के हुसैनगंज थानाक्षेत्र के उदयगंज इलाके में शनिवार आधी रात एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका और उसके माता-पिता पर तेजाब से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने उन पर चाकू से भी वार किया। तेजाब से प्रेमिका समेत तीन लोग बुरी तरह झुलस गए, जबकि चाकूबाजी में आरोपी युवक भी घायल हो गया। मोहल्ले के लोगों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।

मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, लड़की के पिता कारपेंटर का काम करते हैं। आरोपी युवक लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन परिवार ने शादी से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपी शनिवार आधी रात प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने लड़की और उसके माता-पिता को गंभीर अवस्था में केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। लड़की की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे बचाने के चक्कर में उसके माता और पिता भी घायल हो गए।

उदयगंज इलाके में आधी रात हुई इस घटना के बाद दहशत व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।