प्रयागराज नगर निगम माघ मेले में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए 300 अस्थायी सफाईकर्मियों की भर्ती करेगा। इन कर्मचारियों को दो महीने के लिए जनवरी और फरवरी में तैनात किया जाएगा। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त शादाब असलम के अनुसार, मेला क्षेत्र में तीन पालियों में सफाई कराई जाएगी और श्रमिकों को आउट सोर्सिंग के माध्यम से रखा जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इन कर्मचारियों की तैनाती मेला क्षेत्र के गंगा-यमुना के विभिन्न सेक्टरों और प्रमुख मार्गों पर की जाएगी। उनकी जिम्मेदारी मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की होगी। श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम ने अतिरिक्त सफाईकर्मियों की व्यवस्था करने की तैयारी की है, ताकि पूरे मेला अवधि में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि श्रमिकों को पांच रुपये से अधिक प्रतिदिन की पारिश्रमिक दी जाएगी। माघ मेले के दौरान 100 वार्डों की सफाई के लिए रखे गए 5500 कर्मचारियों को सफाई की जिम्मेदारी दी जाएगी। इनमें नियमित, संविदा और आउट सोर्सिंग कर्मचारी शामिल हैं। ये कर्मचारी शहर के प्रमुख चौराहों और अन्य वार्डों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में लगे रहेंगे।
