महाराष्ट्र के अभिषेक रंजीत जाधव की कहानी संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। उनके इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के मुताबिक, आर्थिक तंगी के बीच पले-बढ़े अभिषेक के माता-पिता चाहते थे कि बेटा कम से कम चपरासी की नौकरी हासिल कर ले, जिससे परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। उनके पिता दिहाड़ी मजदूर के रूप में बोरे ढोकर और मां खेतों में मेहनत-मजदूरी करके घर का खर्च चलाती थीं। परिवार की स्थिति इतनी कमजोर थी कि कई बार दो समय के खाने का इंतजाम करना भी मुश्किल हो जाता था।
अभिषेक के बड़े भाई भी डॉक्टर बनना चाहते थे, लेकिन पैसों की कमी के कारण वे मेडिकल प्रवेश परीक्षा का फॉर्म तक नहीं भर सके। भाई का यह अधूरा सपना अभिषेक के मन में घर कर गया। उन्होंने महंगी कोचिंग के बिना, सीमित संसाधनों में NEET की तैयारी शुरू की। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। साल 2020 में उन्होंने NEET में 265 अंक हासिल किए और सतारा के एक होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिला।
कॉलेज की सालाना फीस करीब 80 हजार रुपये थी। एक स्कॉलरशिप से उन्हें 40 हजार रुपये मिले, और बाकी खर्च के लिए माता-पिता हर महीने करीब 5 हजार रुपये भेजते थे। अभिषेक ने पढ़ाई के साथ अस्पताल में नाइट ड्यूटी भी की और अपनी कमाई से इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज का कोर्स पूरा किया।
ग्रेजुएशन सेरेमनी में अभिषेक ने अपनी डिग्री मां के हाथों में सौंपी, जिसे मां ने अपना रिटर्न गिफ्ट बताया। उन्होंने अपने पिता के सिर पर ग्रेजुएशन कैप पहनाई और कंधों पर स्टोल डाला। आज अभिषेक के नाम के आगे डॉक्टर लग चुका है और उन्होंने अपनी मेहनत से परिवार की तकदीर बदल दी।
