हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जोगेंद्रनगर के सिमस क्षेत्र में मंगलवार रात को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें छह युवकों की मौत हो गई। मृतकों में कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, लडभड़ोल बाजार में दुकान और व्यवसाय चलाने वाले लोगों के बच्चे सिमस में एक नामकरण समारोह में गए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार खाई में गिर गई। हादसे का पता बुधवार दोपहर बाद तब चला जब किसी व्यक्ति ने कार को खाई में गिरा देखा। इससे पहले सभी युवक करीब 15 घंटे से लापता थे। बुधवार सुबह तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और सीसीटीवी कैमरे में वे एक दुकान पर दिखे।
सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन लडभड़ोल अस्पताल ले जाने पर सभी को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान यशराय, आयुष, पंकज, आदित्य, अर्नव और नूजू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी एक ही गांव के निवासी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जोगेंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने सदन को हादसे की जानकारी दी। सदस्यों ने घटना पर गहरा शोक जताया और कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
