मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण भी किया गया। साथ ही आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है। उन्होंने कहा कि समिति गौ सेवा को गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा एवं प्रशिक्षण से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकार्पित एवं शिलान्यासित प्रकल्प पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि को जोड़ती है। उन्होंने कहा कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया है। वहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। उन्होंने संत समाज एवं श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने और मां यमुना की आरती में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण ठोस कार्यों और प्रयासों से संभव है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे कार्य उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।