मसूरी में वीकेंड पर एक बार फिर भीषण यातायात जाम देखा गया, जिससे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को सुबह नौ बजे से रात तक किंक्रेग से गांधी चौक, जीरो प्वाइंट, लाइब्रेरी बैरियर से अंबेडकर चौक, मैसॉनिक लॉज बस स्टैंड से पिक्चर पैलेस चौक, अपर मॉल रोड, घंटाघर तक और मलिंगार से चार दुकान लाल टिब्बा तक वाहन रेंगते हुए चलते रहे। प्रमुख चौराहों पर हालत पूरे दिन खराब बनी रही।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू होने के बाद मसूरी में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। अब प्रतिदिन औसतन पर्यटक आ रहे हैं, जिनकी संख्या वीकेंड पर और बढ़ जाती है। यह मसूरी पर्यटन के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है, लेकिन प्रशासन यातायात जाम की समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है। जाम एक स्थायी समस्या बनता जा रहा है, जिसका खामियाजा पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी भुगतना पड़ रहा है।

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार शाम तक मसूरी में होटल और गेस्ट हाउस में पर्यटकों की औसतन आक्युपेंसी 60 से 70 प्रतिशत रही। रविवार को होने वाली अल्ट्रा मैराथन दौड़ में बड़ी संख्या में लोग भाग लेने पहुंचे हैं, जिससे शहर में अच्छी रौनक है। मॉल रोड, कुलड़ी और लाइब्रेरी बाजार में देर रात तक चहल-पहल बनी रही। पूर्व के वर्षों में दीपावली के बाद पर्यटकों की आमद में भारी गिरावट आ जाती थी।