नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन (एनएमओ) काशी प्रांत 29 नवंबर को 'संत रविदास सीमांचल स्वास्थ्य सेवा यात्रा' का आयोजन कर रहा है। इस अभियान के तहत सोनभद्र, चंदौली और मीरजापुर में कुल 58 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। संगठन का उद्देश्य सामाजिक समरसता, जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है।
सोनभद्र जनपद में कुल 21 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जो जिले के ग्रामीण और आदिवासी बहुल क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए निर्धारित हैं। प्रत्येक शिविर में लगभग 200 से 250 लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस प्रकार केवल सोनभद्र में करीब 4,200 से 5,250 लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
शिविरों में चिकित्सकों की टीम आमजन का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण करेगी और रोगों के संबंध में परामर्श देगी। आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। साथ ही सामान्य बीमारियों की पहचान और उपचार संबंधी मार्गदर्शन, स्वच्छता, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली पर स्वास्थ्य शिक्षा तथा रोगों की रोकथाम के प्रति जन-जागरूकता पर भी ध्यान दिया जाएगा।
सोनभद्र के सभी 21 शिविर स्थलों के लिए अलग-अलग चिकित्सकीय टीमों का गठन किया गया है, जिनमें चिकित्सकों के साथ मेडिकल छात्र और स्वयंसेवक भी शामिल रहेंगे। संत रविदास के समानता, मानवता और सेवा के विचारों से प्रेरित यह यात्रा बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास है। संगठन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम शिविर में पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाएं।
