नोएडा के सेक्टर-136 में पकड़े गए फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर मामले से जुड़े एक पीजी को लेकर सेक्टर-126 थाना पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की है। पुलिस ने सेक्टर-128 स्थित पीजी में विदेशी नागरिकों को ठहराने के आरोप में पीजी संचालक ब्रह्म प्रकाश चौहान और उसके बेटे दीपांशु चौहान को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 8 और 23 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस गिरोह में पिता-पुत्र की कथित भूमिका और सरगनाओं से उनके संबंधों की जांच कर रही है।

जांच के मुताबिक, सेक्टर-136 के कॉल सेंटर में विदेशी नागरिकों से रोमांस स्कैम तकनीक का इस्तेमाल कर उनके ही देश के लोगों से ठगी कराई जाती थी। सूत्रों के अनुसार, रेस्क्यू किए गए विदेशी नागरिकों ने दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस को बताया कि उन्हें नोएडा में अच्छे पैकेज पर दूसरी नौकरी लगाने का झांसा देकर लाया गया था। आरोपियों के बारे में कहा गया है कि वे सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी आईडी बनाकर अपने ही देश के लोगों से दोस्ती करते थे और प्यार की बातें करते थे। जाल में फंसे लोगों को निवेश की स्कीम बताई जाती थी और फर्जी निवेश प्लैटफॉर्म व ऐप के जरिए शुरुआत में मुनाफा दिखाकर ज्यादा रकम लगाने के लिए तैयार किया जाता था। रुपये ऐंठने के बाद गिरोह संपर्क तोड़ लेता था।

भारत लाने से पहले इन विदेशी नागरिकों को मलयेशिया और कंबोडिया में ट्रेनिंग दिलाई गई थी। छह महीने के टूरिस्ट वीजा पर उन्हें नोएडा में दूसरी नौकरी लगाने का झांसा देकर लाया गया और फिर कॉल सेंटर में रखकर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया। कर्मचारियों को हर दिन भारतीय रुपये में करीब तीन लाख रुपये की ठगी का टारगेट दिया जाता था। गिरोह में 21 महिलाओं को भी विदेश से लाया गया था। एक साइबर एक्सपर्ट के अनुसार, इनमें से कई कम पढ़ी-लिखी हैं और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिस काम के लिए उनकी भर्ती की गई है, वह ठगी से जुड़ा है।

जांच में सामने आया कि विदेशी नागरिकों के रहने और काम करने की व्यवस्था समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत की गई थी और इसका एक पेपर भी पुलिस को मिला है। सेक्टर-128 के शाहपुर गांव स्थित पीजी मालिक ने एक कंपनी को आठ लाख रुपये महीने के किराये पर दिया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कर्मचारियों पर कई पाबंदियां थीं—एक साथ पांच सहकर्मी बात नहीं कर सकते थे, परिवार से संपर्क सीमित था, मोबाइल तक पहुंच सीमित थी और टारगेट पूरा न होने पर एक घंटे अतिरिक्त काम कराया जाता था। विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट मास्टरमाइंड के पास होने और उनसे रोजाना 15 घंटे तक काम कराए जाने की बात भी सामने आई है।