पटना को औद्योगिक और उत्पादन हब बनाने की तैयारी के तहत जिले में टेक्सटाइल, बर्तन, रेडिमेड गारमेंट, आर्ट एंड क्राफ्ट और आर्गेनिक उत्पादों के औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा सकते हैं। इससे स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक हुनर को बाजार से जोड़ने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने 'उद्योग वार्ता' कार्यक्रम के तहत बिहार उद्योग संघ के लघु उद्योग भारती संगठन से जुड़े उद्यमियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योग लगाने और निवेश करने की अच्छी संभावनाएं हैं, जरूरत इनका योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करने की है।

जिलाधिकारी ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिया कि उद्यमियों से मिले सुझावों के आधार पर उद्योग और स्टार्टअप शुरू करने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। लाइसेंस, अनापत्ति प्रमाण-पत्र और अन्य प्रशासनिक स्वीकृतियों से जुड़े आवेदनों का तय समय में निपटारा किया जाए और उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता देकर हल किया जाए।

बैठक में पटना की पारंपरिक कला को उद्योग से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। टिकुली आर्ट और पटना कलम चित्रकला शैली को प्रोत्साहित कर इनके उत्पादों को व्यावसायिक पहचान दिलाने की संभावनाएं तलाशी गईं। जिलाधिकारी ने नए उद्यमियों के बनाए उत्पादों का विस्तृत डेटाबेस तैयार करने का सुझाव भी दिया, जिससे स्थानीय उत्पादों की पहचान, प्रचार और बाजार तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।