पटना के राजापुल स्थित एक रिसॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान शराब सेवन का मामला सामने आया है। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के इस रिसॉर्ट में पुलिस ने छापेमारी कर तीन लीटर विदेशी शराब बरामद की और रिसॉर्ट मैनेजर तथा एक महिला नर्तकी समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में 10 युवक और एक महिला शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह पार्टी राजेश नाम के एक कॉन्ट्रैक्टर के जन्मदिन पर आयोजित की गई थी, जिसमें डांस पार्टी चल रही थी और दो लड़कियों को बंगाल से बुलाया गया था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सचिवालय-2) साकेत कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रिसॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान कुछ लोग शराब पी रहे हैं। सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। सत्यापन के दौरान रिसॉर्ट के एक कमरे में कुछ लोग शराब का सेवन करते पाए गए और वहां से शराब की तीन बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस ने बताया कि रिसॉर्ट में मौजूद अन्य लोगों की भी विधिवत जांच की गई। इस दौरान एक-दो लोगों के पास हथियार होने की बात सामने आई है। हथियारों को थाने लाकर उनका सत्यापन किया जा रहा है और इस संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शराब के नशे में पाए गए लोगों और जिनके कब्जे से शराब बरामद हुई है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उल्लेखनीय है कि बिहार में अप्रैल 2016 में शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था।
