पीलीभीत के अमरिया क्षेत्र की एक युवती ने आरोप लगाया है कि बीसलपुर निवासी राजा मिर्जा ने चार साल पहले इंटरनेट मीडिया पर परिचय के दौरान अपना नाम शैलम बताया। युवती के अनुसार दो अप्रैल 2022 को उसे मिलने बुलाकर चाय में नशीला पदार्थ मिलाया गया, बेसुध कर दुष्कर्म किया गया और वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण किया गया। आरोप है कि आरोपी ने बाद में शादी का वादा किया और तीन बार जबरन गर्भपात कराया।

युवती का आरोप है कि जून 2023 में तीन माह की गर्भावस्था के दौरान बीसलपुर में गर्भपात कराया गया, जबकि दिसंबर 2024 और मई 2025 में भी जबरन गर्भपात कराया गया। इस बीच आरोपी की हकीकत पता चलने पर युवती शिकायत लेकर उसके घर पहुंची, जहां आरोपी के पिता रिसासत बेग, माता निशात बेगम, चाची मुन्नी, बहन सना मिर्जा, सफा और बुशरा ने कथित तौर पर धमकाया और निकाह के लिए मतांतरण का दबाव बनाया।

युवती के मुताबिक तीन दिन पहले भी सभी आरोपियों ने मतांतरण न करने पर वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी। अमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि दुष्कर्म, गर्भपात, षड्यंत्र रचने, धमकाने और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन संप्रेषण अधिनियम के तहत सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।