रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पैंकी के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के 13 लोगों की मौत हो गई। सभी श्रद्धालु स्कॉर्पियो से रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान विवेकानंद कुमार (40), उनकी पत्नी अमृता देवी (35), बेटी सोनाली कुमारी (16), बेटे शुभम कुमार (12) और छोटे बेटे अमन, मां प्रमिला देवी (65), भाई चंदन (22), सिंटू कुमार (25) और राजेश (23), बहन किरण कुमारी, किरण के पति और बेटे तथा स्कॉर्पियो ड्राइवर नंदन कुमार के रूप में हुई है।

विवेकानंद कुमार मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के निदेशक थे। परिजनों के मुताबिक, उनकी पत्नी अमृता देवी की शिक्षक पद पर सरकारी नौकरी मिली थी और इसी खुशी में परिवार ने रजरप्पा मंदिर में पूजा करने का कार्यक्रम बनाया था। परिवार के साथ स्कूल से जुड़े लोग और रिश्तेदार भी इस यात्रा में शामिल थे। हादसे ने गांव में शोक की गहरी छाया डाल दी है।

इस हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराए जाने की बात कही।