झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी हताहत बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे और रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी स्थित भाजपा कार्यालय के समीप रात लगभग दो बजे हुआ। नालंदा जिले के जंघारो गांव से 14 लोग एक एसयूवी (बीआर21पी 6331) में सवार होकर रजरप्पा की ओर जा रहे थे, तभी हाईवे पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में 13 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि वाहन में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ये लोग सरस्वती विद्या मंदिर, नालंदा से जुड़े एक परिवार के हैं और यहां शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे से लोगों को बाहर निकाला और घायल को अस्पताल भिजवाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है।