झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी गांव के पास शनिवार देर रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं, जबकि एक व्यक्ति घायल है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के लोग रजरप्पा धाम में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य की सरकारी शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में यह यात्रा की जा रही थी। परिवार के सदस्य दो स्कॉर्पियो से निकले थे। पुलिस के अनुसार, पीछे चल रही स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ लोग उसमें फंस गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला, जिसके बाद घायलों को नजदीकी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और एसडीपीओ आलोक रंजन समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ के अनुसार, मृतक नालंदा जिले के रहने वाले थे और कुछ लोगों की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर हुई है।
मृतकों में निजी स्कूल संचालक 40 वर्षीय विवेकानन्द प्रसाद, उनकी पत्नी 38 वर्षीय अमृता देवी, 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, 11 वर्षीय अमन कुमार और 18 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों की भी मौत हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अज्ञात वाहन को लेकर जांच कर रही है। हादसे के बाद जंघारो गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
