नई दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल पर आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष समापन के उपलक्ष्य में 'राष्ट्र वंदनम्' कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में करीब दो लाख से अधिक स्वयंसेवकों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे इलाके को 23 जोन में बांटा गया है और सुरक्षा व्यवस्था पांच लेयर में रहेगी। दिल्ली पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), सीआईडी और स्वयंसेवक सुरक्षा व्यवस्था संभालने में सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम के लिए 11 विभागों के तहत 19 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। आयोजन स्थल पर करीब 20 हजार स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे, जो यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन में प्रशासन की मदद करेंगे। पूरे आयोजन को तीन सिटी में बांटकर व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां एंटी-सैबोटाज जांच, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के जरिए भी निगरानी रखेंगी। आयोजन स्थल को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले गाड़ियां रोकी जाएंगी। पार्किंग के लिए 4 से 5 हजार बसों और 40 से 50 हजार कारों की व्यवस्था है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए अलग-अलग QR कोड जारी किए गए हैं और बिना QR कोड के प्रवेश नहीं मिलेगा।
आग से निपटने के लिए दमकल विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर सात दमकल गाड़ियां तैनात रहेंगी और इनके साथ 45 फायरकर्मी मौजूद रहेंगे। दो फायर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। सभी दमकल गाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर खड़ा किया जाएगा, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचा जा सके। मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए पांच अस्पतालों की व्यवस्था की गई है। इनमें एक 10 बेड का अस्पताल 25 नवंबर से ही चालू है, जबकि चार अस्थाई अस्पतालों में पांच-पांच बेड की व्यवस्था है। मेडिकल व्यवस्था में संजय गांधी अस्पताल और रोहिणी के डॉ. आंबेडकर अस्पताल के डॉक्टरों की टीमें भी शामिल रहेंगी और RSS से जुड़ी मेडिकल टीमें भी कार्यक्रम के दौरान सेवाएं देंगी।
कार्यक्रम में बैग, चाकू, ब्लेड, कैंची, नुकीली वस्तुएं, लाइटर, माचिस, मोबाइल फोन, वायरलेस ईयरफोन, कैमरा, पेन समेत अन्य नुकीली वस्तुएं, हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, पटाखे, बाहर से लाया गया खाने-पीने का सामान, रिमोट कार की चाबी, दूरबीन, रेडियो ट्रांसमीटर, बीड़ी, सिगरेट, थर्मस फ्लास्क, छाता, लैपटॉप और कॉस्मेटिक सामान (परफ्यूम, मेकअप आदि) नहीं ले जा सकेंगे।
