सहरसा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल जल योजना के तहत पीएचईडी द्वारा संचालित 1750 जल मीनारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पंचायती राज विभाग के निर्णय के आलोक में यह पहल की जा रही है, ताकि बिजली कटौती, लो वोल्टेज या बकाया बिजली बिल के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।

जानकारी के अनुसार, प्रत्येक जल मीनार केंद्र पर पांच किलोवाट क्षमता का ऑनग्रिड सोलर पैनल लगाया जाएगा। सिस्टम स्थापित होने के बाद पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहेगी और सौर ऊर्जा से उत्पादित अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर संबंधित ग्राम पंचायतें अपना राजस्व भी अर्जित कर सकेंगी।

यह कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2028-29 के बीच तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रति जल मीनार सोलर पैनल की स्थापना, रखरखाव और निगरानी पर चार लाख रुपये की लागत अनुमानित है। इस व्यय की 50 प्रतिशत राशि 16वें वित्त आयोग की अनुशंसा से प्राप्त अनटाइड ग्रांट से और शेष 50 प्रतिशत सप्तम राज्य वित्त आयोग की अंतरिम अनुशंसा की सामान्य निधि से उपलब्ध कराई जाएगी।

पीएचईडी सहरसा के कार्यपालक अभियंता आकाश सहनी ने बताया कि सौर ऊर्जा के माध्यम से हर घर नल जल योजना से जलापूर्ति की कार्ययोजना तैयार की जा रही है और विभागीय निर्देशानुसार काम किया जाएगा।