बॉलीवुड सितारों को धमकी भेजे जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामले में अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर की ओर से दी गई बताई जा रही है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी वास्तव में अख्तर ने भेजी है या कोई अन्य व्यक्ति उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है।
एक अधिकारी के मुताबिक, इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। उस मामले में पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय आईआईटी ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जिसने कथित तौर पर धमकियां देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया था।
अधिकारी ने बताया कि मिश्रा का किसी भी गिरोह से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल सैफ अली खान को मिली धमकी के मामले में जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।
