गीतकार समीर अंजान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने फिल्म 'आशिक बनाया आपने' का टाइटल ट्रैक लिखने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि यह गाना आनंद बक्शी के लिखे एक लीजेंडरी गाने से जुड़ा है, इसलिए वह इस पर क्या लिखेंगे। बाद में हिमेश रेशमिया ने उन्हें नई ट्यून सुनाई, जिसके बाद समीर अंजान ने गाना लिख दिया।
समीर अंजान ने यह खुलासा 'मसाला चाय विद राहुल महाजन' पॉडकास्ट में किया था। उन्होंने बताया था कि हिमेश रेशमिया जब फिल्म का टाइटल ट्रैक लिखवाने उनके पास आए, तो उन्होंने साफ मना कर दिया था। उनका कहना था कि 'दर्द-ए-दिल दर्द-ए-जिगर दिल में जगाया आपने, पहले तो मैं शायर था, आशिक बनाया आपने' जैसा लेजेंडरी गाना आनंद बक्शी ने लिखा है, ऐसे में वह इसके ऊपर क्या लिखेंगे।
समीर अंजान के मुताबिक, हिमेश रेशमिया ने उनसे कहा कि वह चिंता न करें और ऐसी ट्यून देंगे कि लोग पुराने गाने के बारे में सोचेंगे ही नहीं। हिमेश ने पहले ट्यून बनाई और उसे सुनकर समीर अंजान हैरान रह गए, जिसके बाद उन्होंने 'आशिक बनाया आपने' गाना लिख दिया।
बता दें कि आनंद बक्शी का यह गाना 1980 में आई ऋषि कपूर की फिल्म 'कर्ज' का है, जिसे मोहम्मद रफी ने गाया था और इसे कल्ट क्लासिक माना जाता है। वहीं इमरान हाशिमी पर बना 'आशिक बनाया आपने' का टाइटल ट्रैक 2005 में सबसे ज्यादा सुने जाने वाले गानों में से एक बना था और इसने हिमेश रेशमिया की किस्मत भी चमका दी थी।
