शाहजहांपुर के पुवायां निवासी दवा व्यापारी अमीन शुक्ला ने सीबीआई की मदद से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दो सब इंस्पेक्टरों को 12 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाया। आरोप है कि दोनों अफसरों ने व्यापारी को फर्जी प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की मांग की थी।
व्यापारी अमीन शुक्ला के मुताबिक, वर्ष 2023 में उन्होंने लखनऊ की एक कंपनी से 77 हजार रुपये में पेट दर्द के 120 डिब्बे कैप्सूल खरीदे थे। इनकी एक्सपायरी 2025 तक थी और उन्होंने 15 दिन के भीतर ही ये डिब्बे व्यापारियों को बेच दिए थे। बताया जाता है कि इसी बैच नंबर की दवाएं दिल्ली में ली गई थीं, जिन्हें एनसीबी की टीम ने पकड़ लिया था। प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-बिक्री की जांच के सिलसिले में 16 जुलाई को अमीन को नोटिस भेजा गया, जिसका उन्होंने डाक से जवाब दिया।
आरोप है कि सात अक्टूबर को सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा अपनी टीम के साथ पुवायां पहुंचे और अमीन को प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के मामले में फंसाने की धमकी दी। मामला रफा-दफा करने के एवज में उनसे 50 लाख रुपये की मांग की गई। रकम देने में असमर्थता जताने पर दोनों आरोपित 25 लाख रुपये में समझौते को राजी हो गए थे।
अमीन ने बताया कि 14 नवंबर को रुपये लेकर दिल्ली बुलाया गया था, लेकिन वह दो दिन पहले ही 12 नवंबर को दिल्ली पहुंच गए और सीधे सीबीआई मुख्यालय में संपर्क किया। वहां उन्होंने नोटिस, जवाब की प्रति और बातचीत के साक्ष्य सौंपे। सीबीआई टीम ने मामले की जांच कर जाल बिछाया और दोनों सब इंस्पेक्टरों को 12 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। व्यापारी के मुताबिक, इसमें दो लाख रुपये उनके अपने थे, जबकि 10 लाख रुपये सीबीआई की टीम ने दिए थे।
