भागलपुर के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी मनोविज्ञान विभाग में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। सम्मेलन का विषय 'भारतीय ज्ञान परंपरा एवं सतत विकास लक्ष्य-4 : एक वैश्विक दृष्टिकोण' था। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और आत्महत्या रोकथाम पर विचार साझा किए।

समापन सत्र में नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय के डॉ. नरेंद्र सिंह थगुना ने कहा कि वैश्विक स्तर पर हर साल 7.2 लाख से अधिक आत्महत्याएं होती हैं। उन्होंने दक्षिण एशिया में सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक और स्थानीय मॉडल विकसित करने की जरूरत बताई। उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय विश्वास प्रणालियों को नजरअंदाज करने से उपचार में लोगों की भागीदारी कम होती है और सामाजिक कलंक बना रहता है। उन्होंने आत्महत्या रोकथाम के उपायों, उचित दिनचर्या और ध्यान की वैज्ञानिक भूमिका पर भी चर्चा की।

रांची की डॉ. मसरूर जहां ने तनाव प्रबंधन और सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य पर जोर दिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समयबद्ध तरीके से काम करने और नशे से दूर रहने की जरूरत बताई। साथ ही कॉलेजों में नियमित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और विद्यार्थियों की निशुल्क मानसिक स्वास्थ्य जांच पर बल दिया।

टीएमबीयू की डीन प्रो. अर्चना कुमारी ने कहा कि भौतिकवादी और उपभोक्तावादी युग में लोग अपनी समृद्ध संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, जिससे नैतिक शिक्षा और मूल्यों का क्षरण हो रहा है। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास (नई दिल्ली) के अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की बात कही। कटिहार मेडिकल कॉलेज की डॉ. ऋचा ने बच्चों में मोबाइल और कार्टून की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए माता-पिता को स्क्रीन टाइम सीमित करने की सलाह दी।

सम्मेलन में नेपाल समेत झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ आदि राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन सचिव डॉ. सपना ने बताया कि सम्मेलन हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल कुमार व डॉ. संजय जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्रोफेसर विवेकानंद कुमार ने किया।