बिल्डर से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी कुख्यात उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह मेरठ पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उधम सिंह की हिमाचल प्रदेश में दोस्तों के साथ पार्टी करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जबकि पुलिस उसे तलाश नहीं कर पा रही है। इससे पुलिस की निगरानी और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सरूरपुर के करनावल निवासी उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह पर एसआर डेवलपर्स के साझेदार अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा के मुताबिक, सात सितंबर को जब वह आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जा रहे थे, तो अशोक की लाट के पास दो गाड़ियों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि इनामउल्लाह ने पिस्टल दिखाकर 50 लाख रुपये देने की धमकी दी और विरोध करने पर कार की तरफ फायरिंग भी की गई।
एक नवंबर की रात बाइक सवार दो युवक बिल्डर के कार्यालय पहुंचे और एक लिफाफा देकर चले गए। अगले दिन लिफाफा खोलने पर उसमें कारतूस और धमकी भरा पत्र मिला। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बिल्डर को सुरक्षा मुहैया कराई है और उधम तथा इनामउल्लाह पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की संस्तुति की गई है।
इस बीच उधम सिंह की हिमाचल में पार्टी की तस्वीरें प्रसारित होने के बाद उसकी तलाश में जुटी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि हिमाचल से जानकारी जुटाई जा रही है कि तस्वीरें किस रेस्तरां की हैं।
