मौसम विभाग ने रविवार को सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जताया है, जिसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। शनिवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में अधिकतम नमी 93 प्रतिशत और न्यूनतम 41 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण दोपहर में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि सुबह-शाम ठंडक बढ़ रही है।
प्रदेश के कई जिलों में रात की ठंडक राजधानी से अधिक दर्ज की गई। हरदोई में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री, कानपुर में 9.2 और अयोध्या में 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के आखिरी दिनों में कोहरे की दस्तक के साथ सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।
ठंड बढ़ने के साथ राजधानी में हवा की गुणवत्ता एक बार फिर खराब होने लगी है। शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार पहुंच गया। वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, टाकाटोरा औद्योगिक क्षेत्र में एक्यूआई 265 दर्ज किया गया, जो सभी केंद्रों में सर्वाधिक है। लालबाग में एक्यूआई 231 और केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में 219 रहा। इन तीनों इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई।
बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय में एक्यूआई 186 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है। गोमतीनगर में एक्यूआई 100 और कुकरैल पिकनिक स्पॉट पर 87 रिकॉर्ड किया गया।
