उत्तराखंड में आयुष-यूजी पाठ्यक्रमों की 553 सीटें अभी खाली हैं, जिनके लिए उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय ने मॉप-अप काउंसलिंग शुरू कर दी है। नीट-यूजी 2026 उत्तीर्ण अभ्यर्थी 20 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। रिक्त सीटों में 495 राज्य कोटे और 58 ऑल इंडिया कोटे की हैं।
काउंसलिंग के लिए 21 नवंबर को मेरिट सूची जारी होगी। इसके बाद 23 नवंबर को आरक्षित वर्ग के और 24 नवंबर को अनारक्षित राज्य कोटे तथा ऑल इंडिया कोटे के अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जाएंगी। सीट आवंटन के लिए अभ्यर्थियों को हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में स्वयं उपस्थित होना होगा। आवंटित कॉलेज में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 25 नवंबर दोपहर एक बजे है।
इस काउंसलिंग में वे अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं, जिन्हें पहले और दूसरे चरण में सीट नहीं मिली या सीट आवंटित होने के बावजूद निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। पहले किसी कॉलेज में दाखिला ले चुके अभ्यर्थी तभी आवेदन कर सकेंगे, जब वे संबंधित कॉलेज के प्राचार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय में अपनी सीट सरेंडर कर चुके हों। आयुष केंद्रीय काउंसलिंग समिति की ओर से अयोग्य घोषित अभ्यर्थी इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे।
पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र, नीट स्कोरकार्ड, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और पहचान पत्र की स्वप्रमाणित प्रतियां लेकर काउंसलिंग में पहुंचना होगा। आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी का प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। सिक्योरिटी समेत निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा और नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
