उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को ज्ञापन सौंपकर जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को विद्यालयी जिम्मेदारियों से मुक्त करने की मांग की है। शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को कुमाऊं आयुक्त से मुलाकात की। आयुक्त ने शिक्षकों की समस्या समझते हुए जल्द कार्यमुक्ति के आदेश जारी करने का आश्वासन दिया।
पदाधिकारियों का कहना है कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ जनगणना का कार्य करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। इससे जहां शिक्षण कार्य प्रभावित होगा, वहीं जनगणना की शुद्धता पर भी असर पड़ सकता है। शिक्षकों के अनुसार एक दिसंबर से जनगणना के द्वितीय चरण की शुरुआत हो रही है, जिसमें प्रगणकों को घर-घर जाकर 40 प्रश्नों की जानकारी पीई एप पर दर्ज करनी है। यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके लिए पूरी सावधानी और समय देना जरूरी है।
शिक्षकों ने कहा कि सर्दियों में दूरस्थ गांवों में जनगणना कार्य चुनौतीपूर्ण होगा। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड, कोहरा, जंगली जानवरों का भय और आवागमन की कठिनाइयों के बीच विद्यालयी कार्य के साथ घर-घर जाकर जानकारी जुटाना संभव नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि शिक्षकों को विद्यालयी जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाए, ताकि वे जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता और शुद्धता से कर सकें।
इस अवसर पर उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र चौधरी, जिलामंत्री एलडी पाठक, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला मंत्री डीएन भट्ट, जूनियर हाईस्कूल से कविता कपकोटी, जिला उपाध्यक्ष सुनीता भट्ट आदि मौजूद रहे।
